Crime News: अहमदाबाद में जूस के ठेले पर काम करता मिला डेढ़ साल से फरार ‘भूत’, राजस्थान पुलिस ने दबोचा, कई बार दे चुका था चकमा

post 851 (1)

Crime News: अहमदाबाद में जूस के ठेले पर काम करता मिला डेढ़ साल से फरार ‘भूत’, राजस्थान पुलिस ने दबोचा, कई बार दे चुका था चकमा

Crime News: सवाईमाधोपुर, जिले की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए डेढ़ साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गुजरात के अहमदाबाद से दबोच लिया है। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश मीणा उर्फ भूत पुत्र धर्म सिंह मीणा, निवासी खण्डीप थाना वजीरपुर के रूप में हुई है। आरोपी सवाईमाधोपुर और करौली जिलों में दर्जनों संगीन अपराधों में वांछित था और लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।

फरारी के दौरान बदली जिंदगी:-

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फरारी के दौरान राजेश आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था। खर्च चलाने के लिए वह कपड़े और मवेशी चोरी करता, कभी फटे कपड़े पहनकर रेलवे स्टेशनों पर भीख मांगता था। पुलिस से बचने के लिए वह बार-बार हुलिया बदलता, कभी सोशल मीडिया पर पुराने फोटो-वीडियो डालकर गुमराह करता तो कभी नकली पहचान पत्र बनवाकर होटलों में ठहरता था।

सवाईमाधोपुर व करौली में घोषित था इनाम:-

राजेश मीणा पर सवाईमाधोपुर और करौली पुलिस की ओर से कुल 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वह फायरिंग, अपहरण, फिरौती मांगने और हथियार सप्लाई जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है।उसकी प्रमुख वारदातों में थाना पीलोदा में नेहरू मीणा पर फायरिंग, थाना कुंडगांव (करौली) में गोविन्द मीणा पर जानलेवा हमला, थाना बालघाट में अमित मीणा का अपहरण कर फिरौती मांगना और गंगापुर सिटी में बदमाश कृष्णा बांसरोटा को हथियार उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा जयपुर, करौली, दौसा और गंगापुर में उसके खिलाफ दर्जनों मामलों में न्यायालय से वारंट जारी थे।

जूस की दुकान पर काम करते हुए पकड़ा गया:-

थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को सूचना मिली कि आरोपी अहमदाबाद में एक रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है। टीम ने कई दिनों तक निगरानी रखी और आखिरकार उसे जूस के ठेले पर काम करते हुए पहचान कर गिरफ्तार कर लिया। फरारी के दौरान वह कई बार पुलिस दबिश से बच निकलने में सफल रहा। भरतपुर के भुसावर, दिल्ली के महरौली और दौसा के महुआ इलाके में दबिश के दौरान वह छत कूदकर फरार हो गया था।

दो फायरिंग और दर्जनभर मामलों में था फरार:-

राजेश मीणा दो फायरिंग सहित तीन बड़ी वारदातों और करीब एक दर्जन मामलों में फरार चल रहा था। उसने राहुल मीणा के नाम से फर्जी मतदाता पहचान पत्र भी बनवा रखा था।
कभी सोशल मीडिया पर लग्जरी गाड़ियों और शौक की तस्वीरें डालने वाला यह बदमाश फरारी में एक-एक रुपये के लिए मोहताज हो गया था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपनी थार जीप का नंबर बदलकर रिश्तेदार को सौंप दिया था।

पुलिस अब उससे हथियारों की खरीद-फरोख्त और फरारी के दौरान की गई अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में एएसआई अजीत मोगा, एएसआई लक्ष्मण सिंह, हैड कांस्टेबल संजय कुमार तथा कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश, केदार प्रसाद और विजय सिंह की अहम भूमिका रही।

You may have missed