Crime News: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 8 किलो गांजा, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

Crime News: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 8 किलो गांजा, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

सिरोही। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोहिड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 8 किलो 160 ग्राम गांजा, एक पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद कर चार जनों को डिटेन किया है।

रोहिड़ा थानाधिकारी अमराराम खोखर के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता नियमित गश्त पर था। इसी दौरान वाटेरा नदी रपट, वाटेरी माता रोड पर एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की कार संदिग्ध अवस्था में नजर आई। पुलिस ने जब कार को रुकवाया तो उसमें सवार युवक मौके से भागने लगे। पुलिस ने चालक सहित एक अन्य व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। इसके बाद खेतों और झाड़ियों में तलाश की गई। करीब एक घंटे की सर्च के बाद फरार हुए दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।

चिल्ड्रन बैंक के नोटों की गड्डी बरामद:-

थानाधिकारी अमराराम ने बताया कि कार की तलाशी के दौरान चालक सीट पर बैठे यासीन के पास से एक पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कार की पिछली सीट पर रखे कट्टे से लगभग 8 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा भारतीय मनोरंजन चिल्ड्रन बैंक के नोटों की एक गड्डी भी मिली है। आरोपियों से इन नोटों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। बरामद समस्त सामग्री को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।

चार जने किए डिटेन:-

पुलिस ने बताया कि मामले में चित्तौडगढ़ जिले के यासीन, राजसमंद जिले के शिवलाल और विष्णु जाट तथा रोहिड़ा थाना क्षेत्र के वजाराम को डिटेन किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जा रहा है।

Scroll to Top