एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ी ! राजस्थान में अब कितने रुपए में मिलेगा गैस, जानें

एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ी ! राजस्थान में अब कितने रुपए में मिलेगा गैस, जानें
LPG Cylinder Prices Hiked: तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने 1 फरवरी से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 49 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। यह बढ़ोतरी होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल सिलेंडर पर की गई है, जबकि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के अनुसार, राजस्थान में कमर्शियल सिलेंडर अब 1719.50 रुपए की बजाय 1769.50 रुपए में मिलेगा। इससे पहले जनवरी माह में भी कंपनियों ने 111 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी।
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 1,740.50 रुपए का हो गया है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 1,692 रुपए, कोलकाता में 1,844.50 रुपए और चेन्नई में 1,899.50 रुपए तय की गई है।
तेल कंपनियों द्वारा हर महीने की जाने वाली कीमत समीक्षा के तहत यह बदलाव किया गया है। लगातार दूसरे महीने कीमतें बढ़ने से कारोबारियों पर असर पड़ेगा, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल महंगाई से राहत बनी हुई है।