धर्मशाला में सीबीआई की रेड, करोड़ों का लोन लेने वाला भगोड़ा नाम बदलकर रूका था
धर्मशाला में सीबीआई की रेड, करोड़ों का लोन लेने वाला भगोड़ा नाम बदलकर रूका था
सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) की टीम ने गुरुवार को त्रिपुरा सुंदरी मंदिर की धर्मशाला में रेड की। इस रेड में टीम ने बैंकों से लोन लेकर करोंड़ों रुपए की ठगी करने वाले भगोड़े आरोपी संजीव दीक्षित को गिरफ्तार किया है। आरोपी संजीव दीक्षित पिछले तीन दिनों से मंदिर की धर्मशाला में नाम बदलकर रह रहा था। आरोपी जिस कमरे में सो रहा था, उसी के पास वाले कमरे में टीम पूरी रात रुकी थी। सुबह 5 बजे सीबीआई के अधिकारियों ने बांसवाड़ा पुलिस को फोन कर जाब्ता बुलाया और10 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। संजीव ने फर्जी डॉक्यूमेंट पर बैंकों से 20 से 25 करोड़ का लोन लेकर उसे चुकाया नहीं और 10 साल से फरार चल रहा था। दरअसल, सीबीआई टीम को जानकारी मिली थी कि आरोपी संजीव दीक्षित नाम बदलकर त्रिपुरा सुंदरी गया हुआ है। गुरुवार रात 9 बजे टीम पहुंची और पड़ताल की तो पता चला कि संजय भारद्वाज के नाम वे वह 54 नंबर कमरे में रुका हुआ है। इस पर टीम ने उसे रात में गिरफ्तार करने की बजाय दिन में पकड़ने का प्लान बनाया। टीम ने आरोपी के पास वाला 53 नंबर रूम बुक किया और वहां रुके। पूरी रात टीम ने उस पर नजर रखी। शुक्रवार अलसुबह 5 बजे सदर थाना पुलिस के जाब्ते के साथ टीम ने धावा बोलकर उसे धर दबोचा। आरोपी के पास से 5 मोबाइल और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुए हैं।