Accident: कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा, 6 गाड़ियों में जबरदस्त भिड़ंत, 3 लोगों की मौत, कई घायल

Accident: कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा, 6 गाड़ियों में जबरदस्त भिड़ंत, 3 लोगों की मौत, कई घायल

भीलवाड़ा। राजस्थान में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण भीलवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे-58 पर छह वाहनों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित रही।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 7 बजे भीलवाड़ा-अजमेर मार्ग पर कोठारी पुलिया के पास हुआ। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल भी जाना।

मौके पर मची अफरा-तफरी:-

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई घायल दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाते दिखे। मृतकों के शवों को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां परिजनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

कई किलोमीटर लंबा जाम:-

हादसे के चलते हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जाम की वजह से घायलों को लेने पहुंची एंबुलेंस भी फंस गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और करीब तीन घंटे बाद यातायात सुचारू कराया।

Scroll to Top