खाजूवाला व पूगल उप जिला अस्पतालों को मिली बड़ी सौगात
खाजूवाला व पूगल उप जिला अस्पतालों को मिली बड़ी सौगात
खाजूवाला। खाजूवाला क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल के प्रयासों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार देर शाम कुल पांच डॉक्टरों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। इस निर्णय से खाजूवाला एवं पूगल क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। जारी आदेशों के अनुसार खाजूवाला उप जिला अस्पताल में चार नए डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। इनमें डॉ. प्रदीप कुमार सेनी, डॉ. अश्विनी कुमार, डॉ. सतीश कुमार तथा डॉ. देवव्रत चौधरी को खाजूवाला उप जिला अस्पताल में पदस्थापित किया गया है। वहीं डॉ. चंद्र मोहन को पूगल उप जिला अस्पताल में सेवाएं देने के लिए नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि खाजूवाला एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से डॉक्टरों की भारी कमी बनी हुई थी। इस कारण मरीजों को इलाज के लिए बीकानेर सहित अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। अब नए डॉक्टरों की नियुक्ति से स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा और रेफर की समस्या में भी कमी आएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक महिला डॉक्टर सहित एक अन्य चिकित्सक की नियुक्ति की गई थी। लंबे समय से खाजूवाला उप जिला अस्पताल में महिला डॉक्टर की मांग की जा रही थी, जिसकी अब पूर्ति हो चुकी है।