ACB Action: ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते दो पुलिसकर्मियों को रंगे हाथों किया गिरफ्तार , पढ़े पूरी खबर

ACB Action: ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते दो पुलिसकर्मियों को रंगे हाथों किया गिरफ्तार , पढ़े पूरी खबर
ACB Action: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को डूंगरपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दोवड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार पाटीदार और कांस्टेबल प्रकाश चंद्र पटेल को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। रिश्वत लेने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए थे, लेकिन एसीबी टीम ने उन्हें आसपुर रोड स्थित एक होटल के पास रंगे हाथों दबोच लिया। फिलहाल रिश्वत की राशि बरामद नहीं हो पाई है। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने लोकेट ऐप से जुड़ी ठगी के मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं करने के बदले यह रकम ली थी।
कैसे रची गई वसूली की साजिश?
डूंगरपुर एसीबी टीम के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के निर्देशन में की गई। 28 जनवरी को एक परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 18 जनवरी को दोवड़ा थाना पुलिस उसे जबरन कार में बैठाकर ले गई, मोबाइल छीन लिया और ऑनलाइन गेमिंग ठगी के मामले में फंसाने की धमकी दी।
पुलिसकर्मियों ने परिवादी को डराया कि यदि उसने रिश्वत नहीं दी तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जमानत मुश्किल कर दी जाएगी। दबाव बनाकर पहले 2 लाख रुपये की मांग की गई, जिसे बाद में घटाकर 1.50 लाख रुपये कर दिया गया।
28 जनवरी को हुआ गोपनीय सत्यापन:-
शिकायत के बाद एसीबी ने 28 जनवरी को गोपनीय जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार आरोपियों को डेढ़ लाख रुपये लेकर कार में बैठाया गया और दोवड़ा थाने के पास भेजा गया। जैसे ही वे थाने के नजदीक पहुंचे, दोनों आरोपी कार लेकर भागने लगे।
एसीबी टीम ने पीछा कर देर रात आसपुर रोड स्थित एक होटल के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, रिश्वत की रकम अभी तक बरामद नहीं हो सकी है।
एसीबी चौकी प्रभारी रतन सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिश्वत की राशि बरामद करने के प्रयास लगातार जारी हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।