Accident: खड़े ट्रेलर से टकराई स्लीपर बस, 4 लोगों की दर्दनाक मौत; हाईवे पर मची चीख-पुकार

Accident: खड़े ट्रेलर से टकराई स्लीपर बस, 4 लोगों की दर्दनाक मौत; हाईवे पर मची चीख-पुकार

Accident News: भरतपुर, आगरा–जयपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। सेवर थाना क्षेत्र में लुधावई पुलिया के पास कासगंज से जयपुर की ओर जा रही एक स्लीपर बस हाईवे पर खड़े खराब ट्रेलर से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था, लेकिन चालक की ओर से कोई चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया था। कोहरे के कारण बस चालक को ट्रेलर चलता हुआ प्रतीत हुआ, जिससे यह हादसा हो गया। सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर कमर चौधरी और एसपी दिगंत आनंद मौके पर पहुंचे।

घायलों को तुरंत पहुंचाया अस्पताल:-

सेवर थाना प्रभारी सतीश शर्मा के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल जिला आरबीएम अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

मृतकों की पहचान:-

मृतकों की पहचान कान्हा (8) पुत्र रामवीर, गीता (38) पत्नी रामवीर, दोनों निवासी सतोवा मथुरा (उत्तर प्रदेश), मुक्खन सिंह (28) पुत्र खेम सिंह निवासी कठूमर अलवर (राजस्थान) और मुस्लिम (40) पुत्र इस्माइल निवासी कासगंज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:-

इस दुर्घटना की सबसे भावुक कहानी मथुरा निवासी रामवीर की है, जो पत्नी गीता और आठ वर्षीय बेटे कान्हा के साथ खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। रामवीर भगवान की मूर्तियों के लिए कागज की पगड़ियां बनाते हैं और नियमित रूप से खाटूश्याम जी जाते थे। इस बार वह परिवार के साथ यात्रा पर थे, लेकिन हादसे में पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घना कोहरा बना हादसे की बड़ी वजह:-

हादसा गुरुवार सुबह करीब 3 बजे हुआ। घने कोहरे को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। टक्कर के बाद बस में फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

Scroll to Top