चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल: 28 दिन में 1.37 लाख की बढ़त, 4 लाख के करीब पहुंचे दाम

post 285 (1)

चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल: 28 दिन में 1.37 लाख की बढ़त, 4 लाख के करीब पहुंचे दाम

Rajasthan: बीते कुछ महीनों से चांदी की कीमतों में लगातार तेज उछाल देखने को मिल रही है। चांदी ने अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। एक ही दिन में चांदी के भाव में करीब 19 हजार रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल का कहना है कि फिलहाल चांदी में तेजी का दौर जारी रहने की पूरी संभावना है।

उन्होंने बताया कि चीन, जो दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चांदी उत्पादक देश है, वहां से चांदी का निर्यात बंद होने के कारण वैश्विक बाजार में इसकी आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसी वजह से बाजार में चांदी की कमी बनी हुई है और कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं।

कैलाश मित्तल के अनुसार इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेक्टर में उपयोग बढ़ने, सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में मांग तेज होने से चांदी की कीमतों को और बल मिला है।

सोने के दामों में भी उछाल:-

बुधवार को जयपुर सर्राफा बाजार द्वारा जारी भाव के अनुसार सोने की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। 24 कैरेट सोना बीते दिन के मुकाबले 4,500 रुपए महंगा होकर 1 लाख 68 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं 22 कैरेट सोने के भाव 1 लाख 57 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किए गए।

28 दिनों में चांदी 1.37 लाख महंगी:-

अगर बीते 28 दिनों की बात करें तो चांदी करीब 1 लाख 37 हजार 500 रुपए प्रति किलो महंगी हो चुकी है। 1 जनवरी 2026 को चांदी के भाव करीब 2 लाख 35 हजार रुपए प्रति किलो थे, जो अब बढ़कर 3 लाख 73 हजार रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि चांदी अब धीरे-धीरे “नए दौर का सोना” बनती जा रही है। युवा वर्ग में चांदी के फैंसी और डिजाइनर उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है, वहीं घरों में भी चांदी का घरेलू उपयोग पहले के मुकाबले ज्यादा होने लगा है।