खेलते समय पानी के टैंक में गिरा सात वर्षीय बालक, डूबने से हुई दर्दनाक मौत
खेलते समय पानी के टैंक में गिरा सात वर्षीय बालक, डूबने से हुई दर्दनाक मौत
झालावाड़। मनोहरथाना कस्बे की गणेश ऑयल मिल कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। मकान में खेलते समय बालक जमीन में बने पानी के टैंक में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम की है।
बताया जा रहा है कि बालक के माता-पिता किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। घर पर उसकी चाची मौजूद थी। घटना की जानकारी मिलते ही चाची ने पास की दुकान से चाचा को बुलाया। चाचा तत्काल बालक को पानी के टैंक से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशल लोधा ने बताया कि मृतक बालक की पहचान दिव्यांश लोधा (7) पुत्र कमलेश लोधा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आंवल हेड़ा ग्राम पंचायत के खाकरां लोधान का निवासी था और वर्तमान में मनोहरथाना स्थित गणेश ऑयल मिल कॉलोनी में रह रहा था। बुधवार सुबह बालक का पोस्टमार्टम किया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार दिव्यांश घर में खेलते समय जमीन में बने खुले पानी के टैंक में गिर गया, जिससे वह पानी में डूब गया। मृतक के पिता कमलेश लोधा स्थानीय बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं, जबकि उसकी मां राजीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं।
दिव्यांश माता-पिता की इकलौती संतान था। दोनों माता-पिता राजीविका से जुड़े कार्य के चलते दिल्ली गए हुए थे और बालक को छोटे भाई व उसकी पत्नी के पास छोड़कर गए थे। इस हादसे के बाद परिवार और कॉलोनी में शोक का माहौल है।