बीकानेर: सैनिक स्कूल में आवेदन के लिए आज अंतिम मौका, अब तक 13 हजार से ज्यादा आवेदन
बीकानेर: सैनिक स्कूल में आवेदन के लिए आज अंतिम मौका, अब तक 13 हजार से ज्यादा आवेदन
बीकानेर: राजस्थान के दो बालिका सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए बालिकाओं से आवेदन लेने की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक छात्राएं 28 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। शिक्षा विभागीय परीक्षाओं के पंजीयक कार्यालय ने यह निर्णय बालिकाओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए लिया है।
पंजीयक कार्यालय के अनुसार बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के प्रथम चरण में शामिल इन दोनों बालिका सैनिक स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र से प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए चयन परीक्षा 8 मार्च को आयोजित की जाएगी। परीक्षा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर कराई जाएगी।
पहले 20, फिर 24 और अब 28 जनवरी तक आवेदन:-
कक्षा 6 में प्रवेश के लिए पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 जनवरी तय की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 24 जनवरी किया गया। इस अवधि में करीब 10 हजार आवेदन प्राप्त हुए। बालिकाओं के उत्साह को देखते हुए अब अंतिम तिथि 28 जनवरी कर दी गई है।
13 हजार से ज्यादा आवेदन जमा:-
शिक्षा विभागीय परीक्षाओं के पंजीयक कार्यालय के सहायक निदेशक दिनेश कुमार आचार्य ने बताया कि अब तक प्रदेशभर से करीब 13 हजार बालिकाओं के ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। बुधवार तक आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी।
प्रदेश में रामीदेवी रामनारायण राठी बालिका सैनिक स्कूल जयमलसर (बीकानेर) और महाराव शेखाजी बालिका सैनिक स्कूल सीकर में कक्षा 6 में प्रवेश दिया जाएगा। दोनों स्कूलों में 80-80 सीटें निर्धारित हैं। इन स्कूलों के लिए पहली बार 8 मार्च को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है।