जयपुर: गत्ते के गोदाम में भीषण आग, लाखों रुपए का माल जलकर राख

जयपुर: गत्ते के गोदाम में भीषण आग, लाखों रुपए का माल जलकर राख

जयपुर। विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में स्थित एक कागज और गत्ते के गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते गोदाम के अंदर रखा सारा सामान धू-धू कर जल गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार यह घटना मुन विहार इलाके में स्थित गोदाम की है। शनिवार देर रात लगभग 2:30 बजे गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही समय में शटर के नीचे से धुएं का गुब्बार निकलने लगा, जिससे आसपास के लोग आग की आशंका के चलते भयभीत हो गए।

गोदाम में रखे कागज और गत्ते के बंडलों ने आग पकड़ने में देर नहीं लगाई और लपटें तेजी से बाहर फैलने लगीं। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर विश्वकर्मा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां पहुंचीं। आग की तीव्रता बढ़ते देख अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलाई गईं।

एएसआई मदन लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, हालाँकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Scroll to Top