सांवलिया सेठ मंदिर में भक्ति का नया रिकॉर्ड, दानपात्र से 35.40 करोड़ रुपये प्राप्त

सांवलिया सेठ मंदिर में भक्ति का नया रिकॉर्ड, दानपात्र से 35.40 करोड़ रुपये प्राप्त

चित्तौड़गढ़: सांवलिया सेठ के दरबार में एक बार फिर श्रद्धा और विश्वास का रिकॉर्ड देखने को मिला है। मंडफिया स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर के दानपात्र और भेंट कक्ष से 35 करोड़ रुपये से अधिक का चढ़ावा प्राप्त हुआ है। छह चरणों में की गई गणना के बाद कुल राशि 35 करोड़ 40 लाख 93 हजार 313 रुपये दर्ज की गई।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, दानपात्र से 28 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है, जबकि भेंट कक्ष से करीब 6 करोड़ 72 लाख रुपये का चढ़ावा आया है। यह राशि कृष्णपक्ष चतुर्दशी को लगने वाले मासिक मेले से पहले दानपात्र खोले जाने पर सामने आई।

नकद राशि के साथ-साथ भक्तों ने बड़ी मात्रा में स्वर्ण और रजत आभूषण भी अर्पित किए। आंकड़ों के मुताबिक, श्रद्धालुओं ने 592 ग्राम से अधिक सोना और 112 किलोग्राम से ज्यादा चांदी भेंट की है। इसके अलावा ऑनलाइन भुगतान और मनीऑर्डर के माध्यम से भी बड़ी संख्या में भक्तों ने दान किया।

दान की पूरी गणना मंदिर मंडल बोर्ड, बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में की गई। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रक्रिया पूरी की गई, जहां आस्था और विश्वास का भव्य स्वरूप देखने को मिला।

Scroll to Top