बॉलीवुड एक्टर बनने का सपना लेकर घर से निकला 10वीं का छात्र, इस जगह JEE-NEET की कर रहा था तैयारी, पढ़े पूरी खबर

post 147

बॉलीवुड एक्टर बनने का सपना लेकर घर से निकला 10वीं का छात्र, इस जगह JEE-NEET की कर रहा था तैयारी, पढ़े पूरी खबर

सीकर: बॉलीवुड में एक्टर बनने का सपना लेकर शहर का 10वीं कक्षा का छात्र घर से निकल पड़ा और सीधे मुंबई पहुंच गया। सपनों की नगरी में पहुंचते ही उसके सपने जल्द ही संघर्ष में बदल गए, जहां उसका सहारा केवल वड़ापाव और फुटपाथ बनकर रह गया।

15 वर्षीय नाबालिग सुबह घूमने निकलने का बहाना बनाकर घर से निकला और सीकर रेलवे स्टेशन पहुंच गया। जेब में सिर्फ एक हजार रुपए लेकर उसने मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ ली। दो–तीन दिन में जब पैसे खत्म हो गए तो उसे अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने अपने एक दोस्त को फोन किया।

दोस्त से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मोबाइल कॉल ट्रेस कर नाबालिग की लोकेशन का पता लगाया। छह दिन की तलाश के बाद पुलिस ने उसे मुंबई के जुहू इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया। मामला उद्योग नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है।

फाउंडेशन कोर्स कर रहा था छात्र:-

नाबालिग मूल रूप से कोटपूतली–बहरोड़ का रहने वाला है और वर्तमान में सीकर में मां और बहन के साथ किराए के मकान में रह रहा था। वह शहर की एक कोचिंग संस्था में जेईई और नीट का फाउंडेशन कोर्स कर रहा है। उसके पिता शिक्षक हैं।

उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि नाबालिग के पिता ने 9 जनवरी को बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि बेटे का मोबाइल लगातार बंद आ रहा था।

फुटपाथ पर गुजारी रातें:-

पुलिस के अनुसार नाबालिग 10 जनवरी को सुबह 6:50 बजे सीकर रेलवे स्टेशन से अमरापुर अरावली एक्सप्रेस में सवार होकर मुंबई पहुंचा। वहां सस्ता भोजन होने के कारण उसने वड़ापाव खाकर दिन गुजारे और रातें फुटपाथ व सार्वजनिक स्थानों पर बिताईं।

पैसे खत्म होने पर उसने अपने दोस्त को फोन किया, जिसने उसके पिता को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मकर संक्रांति के दिन उसे जुहू इलाके से सुरक्षित बरामद किया और 15 जनवरी को सीकर लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।