बीकानेर: सोलर प्लांट पर काम को लेकर दो गुटों की झड़प, गाड़ियां तोड़ीं, मामला दर्ज

post 136

बीकानेर: सोलर प्लांट पर काम को लेकर दो गुटों की झड़प, गाड़ियां तोड़ीं, मामला दर्ज

बीकानेर। जिले के करणीसर भाटियान गांव में सोलर प्लांट पर कार्य को लेकर ठेकेदारों के बीच चल रहा विवाद शनिवार को हिंसक हो गया। वारी सोलर कंपनी के प्लांट पर बैचिंग कार्य को लेकर दो ठेकेदार गुट आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कर्मचारियों के साथ भी हाथापाई की गई और एक ठेकेदार की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर टायर फोड़ दिए गए।

जानकारी के मुताबिक करणीसर भाटियान स्थित वारी कंपनी के सोलर प्लांट पर इन दिनों बैचिंग का काम चल रहा है, जहां दो ठेकेदार कार्यरत हैं। पूरे कार्य का ठेका एक ही ठेकेदार को दिए जाने को लेकर दोनों पक्षों में पिछले कई दिनों से तनाव बना हुआ था। शनिवार सुबह ठेकेदार धीरेंद्र सिंह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और दूसरे ठेकेदार श्रवण सिंह पर हमला कर दिया। इस दौरान प्लांट पर कार्यरत वारी कंपनी के कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पूगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही आरोपी फरार हो गए। इस मामले में वारी कंपनी में कार्यरत कोलायत निवासी गुरमीत पुत्र तुलछाराम ने धीरेंद्र सिंह, बजरंग सिंह झाला, रघुवीर लूणखां, पवन पालीवाल सहित अन्य के खिलाफ गाली-गलौच, मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

हेडकांस्टेबल मनोहर सिंह के अनुसार आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच सीओ खाजूवाला द्वारा की जा रही है।

बॉर्डर एरिया में सुरक्षा पर सवाल:-

भारत–पाक सीमा से सटे पूगल तहसील के करणीसर भाटियान, कालासर, लाखूसर सहित आसपास के गांवों में सोलर प्लांटों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यहां अन्य जिलों व राज्यों से आए मजदूर काम कर रहे हैं, जिनके पुलिस वेरिफिकेशन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में सोलर प्लांटों पर फायरिंग और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

क्या होता है बैचिंग प्लांट:-

बैचिंग प्लांट वह मशीनरी है, जिसमें सीमेंट, रेत, गिट्टी और पानी को निर्धारित अनुपात में मिलाकर कंक्रीट तैयार की जाती है। इससे निर्माण कार्य में गुणवत्ता और एकरूपता बनी रहती है और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर व सोलर प्रोजेक्ट्स में इसका अहम योगदान होता है।

पुलिस का बयान:-

पूगल थाने के एसएचओ समरवीर सिंह ने बताया कि करणीसर भाटियान स्थित सोलर प्लांट पर मारपीट की घटना हुई है। एक पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।