Khatu Shyam Mela: पांच दिवसीय खाटू श्यामजी मेले का आगाज 29 दिसंबर से, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव

Khatu Shyam Mela: पांच दिवसीय खाटू श्यामजी मेले का आगाज 29 दिसंबर से, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव

Khatu Shyam Mela: सीकर, नववर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए खाटूश्यामजी में दर्शन व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। मंदिर समिति के निर्णय अनुसार 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक विशेष (वीआईपी) दर्शन व्यवस्था स्थगित रहेगी। इस अवधि में केवल प्रोटोकॉल श्रेणी के श्रद्धालुओं को ही अलग प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि अन्य सभी को सामान्य कतार से दर्शन करने होंगे।

इधर, रींगस में आयोजित नववर्ष एकादशी एवं पांच दिवसीय खाटू श्यामजी मेले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक गर्ग की अध्यक्षता में भैरूजी मोड़ स्थित एएसपी कार्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान दो दिन तक खाटूश्यामजी रोड को नो-व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। साथ ही चिकित्सा विभाग एवं अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर सख्ती:-

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाने और भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया गया। रेलवे स्टेशन रोड व आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा चाय की थड़ियों पर घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए। शहर में सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए।

अधिक किराया वसूली पर होगी कार्रवाई:-

अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि वाहन चालक श्रद्धालुओं से निर्धारित किराए से अधिक वसूली करते पाए गए, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार, तहसीलदार महेश ओला, डिप्टी आनंद राव, स्टेशन अधीक्षक बाबूलाल बाजिया, थानाधिकारी सुरेश कुमार, विकास अधिकारी हरिसिंह और परिवहन निरीक्षक राजीव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Scroll to Top