नशामुक्त समाज के लिए जागरूकता जरूरी : डारा

ChatGPT Image 24 2026 08_50_30 p-200kb

खाजूवाला, सीमा जन कल्याण समिति बीकानेर के तत्वावधान में नशामुक्त समाज अभियान के तहत खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं आदर्श विद्या मंदिर खाजूवाला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम 1 बीएम (14 बीडी), 8 केवाईडी, 5 केवाईडी सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

ग्राम 1 बीएम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीमाजन कल्याण समिति बीकानेर के जिला पदाधिकारी विनोद डारा ने कहा कि नशा गंभीर सामाजिक समस्या है। इससे व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसका मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। समिति के खाजूवाला तहसील मंत्री राजेंद्र आचार्य ने बताया कि अभियान के तहत बॉर्डर क्षेत्र के गांवों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में खाजूवाला के कॉलेज, उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा बॉर्डर क्षेत्र के सभी गांवों में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 8 केवाईडी में आयोजित कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री प्रभुराम ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रमों में तहसील सह मंत्री साहिल कुमार, पप्पूलाल बिश्नोई, लिखमाराम स्वामी, सुरेंद्र पारीक, ओमप्रकाश, सावलदान, प्रधानाचार्य राजेंद्र आचार्य सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।