नकली एंटी-कैंसर दवाओं के साथ अस्पतालों से डायवर्ट दवाओं का खेल, 17 गिरफ्तार

बीकानेर। Rkhabar
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने नकली एंटी-कैंसर दवाओं की खरीद-बिक्री, भंडारण, रीपैकेजिंग और सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जांच में इस नेटवर्क के तार दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नवी मुंबई, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के साथ बीकानेर तक जुड़े मिले हैं। पुलिस ने अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह केवल नकली एंटी-कैंसर दवाओं का कारोबार ही नहीं करता था, बल्कि अस्पतालों और सरकारी संस्थानों से कथित तौर पर डायवर्ट की गई असली एंटी-कैंसर दवाओं को भी अवैध बाजार में खपाता था। कार्रवाई के दौरान करीब 9 करोड़ रुपए कीमत की दवाएं और लगभग 50 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
पुराने कार्टन से नई पैकिंग का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपी पुराने दवा कार्टन, खाली शीशियों और पैकेजिंग सामग्री का इस्तेमाल कर नकली दवाओं को नए रूप में तैयार करते थे। बैच नंबर, एमआरपी और दवा की पहचान से जुड़े विवरण में कथित तौर पर हेरफेर कर इन्हें बाजार में सप्लाई किया जाता था। दवाओं को थर्माकोल बॉक्स, बबल रैप और अन्य पैकिंग सामग्री के जरिए अलग-अलग शहरों में भेजा जाता था।
बीकानेर तक जुड़े तार
दिल्ली क्राइम ब्रांच की जांच में इस नेटवर्क के तार बीकानेर तक जुड़े पाए गए हैं। पुलिस ने दवाओं की खरीद, सप्लाई और वित्तीय लेन-देन से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच शुरू की है। नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों के बैंक खातों, दस्तावेजों और दवा कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली-नवी मुंबई में एक साथ छापेमारी
क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल ने 22 जून 2026 को मिली खुफिया सूचना के आधार पर दिल्ली और नवी मुंबई समेत कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। छापेमारी में बड़ी मात्रा में महंगी एंटी-कैंसर दवाएं, खाली शीशियां, दवा के डिब्बे, पैकेजिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य दस्तावेज बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक गिरोह अस्पतालों से डायवर्ट की गई दवाओं को बिचौलियों के माध्यम से अलग-अलग शहरों के खरीदारों तक पहुंचाता था। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दवाओं के अंतिम खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।