“यदि कहीं सुनवाई नहीं हो रही तो बेझिझक सीधे कोर्ट आएं” – एडीजे रमेश कुमार

100419889

पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में विधिक साक्षरता एवं बाल सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित

खाजूवाला, पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, खाजूवाला में बुधवार को विधिक साक्षरता एवं बाल सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को कानून, बाल अधिकार एवं आत्म-सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय के संस्था प्रधान लक्ष्मीनारायण शर्मा एवं समस्त विद्यालय परिवार ने एडीजे रमेश कुमार का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत एवं सम्मान किया।

अपने प्रेरक संबोधन में एडीजे रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को ‘गुड टच और बैड टच’ विषय पर सरल एवं व्यावहारिक जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाना बच्चों का अधिकार है और ऐसी घटनाओं को छिपाने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को बताना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “यदि किसी कारणवश आपको कहीं भी न्याय नहीं मिल रहा हो या आप स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हों, तो बिना किसी झिझक के सीधे अदालत आकर हमसे संपर्क करें। न्यायालय प्रत्येक नागरिक, विशेषकर बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है।”
कार्यक्रम के बाद एडीजे रमेश कुमार ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया तथा बालवाटिका में जाकर नौनिहालों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उनके शैक्षणिक वातावरण का अवलोकन किया और अपने बचपन की यादें साझा कीं। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक उनसे बातचीत की, जिससे विद्यालय का माहौल आत्मीय और प्रेरणादायक बन गया।

कार्यक्रम में संस्था प्रधान लक्ष्मीनारायण शर्मा, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रशासन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

You may have missed