खाजूवाला में विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल की जनसुनवाई, 248 परिवाद प्राप्त, अधिकांश मामलों का मौके पर हुआ समाधान। देखे वीडियो…

ChatGPTImage4202608_48_47p

खाजूवाला, विधानसभा क्षेत्र खाजूवाला के विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां कुल 248 परिवाद प्राप्त हुए।

कार्यक्रम में विकास अधिकारी गोपाराम, तहसीलदार हरीश टाक, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी सोहनलाल नायक, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हरदेव सिंह चन्दी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी ब्लॉक स्तरीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त अधिकांश शिकायतें बिजली, पेयजल और सिंचाई विभाग से संबंधित रहीं।

विकास अधकारी गोपालराम ने बताया कि विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परिवादों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया, जिससे परिवादियों को तत्काल राहत मिली। जनसुनवाई के बाद विधायक ने पंचायत समिति कार्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन के कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं हो तथा प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक डॉ. मेघवाल ने जनसुनवाई में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने अधिकारियों से भविष्य में भी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने अनुपगढ़ शाखा प्रथम बूर्जी से केवाईडी, केजेडी टेल तक हाईड्रोलिक सर्वे करवाने व मुख्य हैड प्रपोशनेट हैड डिजाईन करवाने तथा अनुपगढ़ शाखा में चार में से दो ग्रुप सिंचाई पानी चलाने, हाईड्रोलिक सर्वें करवाने व टेल तक पूरा पानी पहुंचाने की मांग की।
इसी के साथ ही धान मण्डी के व्यापारियों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के द्वारा पेयजल पानी की सप्लाई नहीं किए जाने की शिकायत की तथा यहां विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द ही समस्याओं के समाधान करवाया जावे।

You may have missed