ACB Action: ACB की बड़ी कार्रवाई, ASI को इतने रुपये की रिश्वत लेते किया ट्रैप

post 93

ACB Action: अजमेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन थाना में पदस्थ एएसआई हरिराम यादव को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम ने आरोपी पुलिसकर्मी को 70 हजार रुपये की रिश्वत डील की पहली किश्त लेते हुए दबोचा।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, विभाग को शिकायत मिली थी कि एएसआई हरिराम यादव ने एक व्यक्ति से चालान पेश करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई और कार्रवाई को अंजाम दिया।

13 जनवरी को तय हुई थी रिश्वत की डील:-

एसीबी स्पेशल यूनिट अजमेर ने यह कार्रवाई मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर की। एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी एएसआई ने परिवादी से कुल 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। 13 जनवरी 2026 को सौदा तय हुआ और 14 जनवरी को पहली किश्त के रूप में 28 हजार रुपये नकद लेने पर सहमति बनी।

28 हजार रुपये में थे 8 हजार के डमी नोट:-

ट्रैप के दौरान जैसे ही आरोपी ने 28 हजार रुपये स्वीकार किए, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। बरामद राशि में 20 हजार रुपये असली नोट और 8 हजार रुपये डमी नोट शामिल थे।

एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक आनंद शर्मा के सुपरवीजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना भाटी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षक मीरा बेनीवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने पूरी योजना को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ जारी है तथा प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है।