बीकानेर: दिनदहाड़े चलती कार पर फायरिंग, पूगल रोड पर मचा हड़कंप

बीकानेर | Rkhabar
शहर में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चाकूबाजी और फायरिंग जैसी वारदातों के बीच अब पुगल रोड स्थित शोभासर के पास चलती कार पर फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, रामपुरा बस्ती निवासी युवक ने बताया कि 19 जुलाई की दोपहर वह अपने साथियों के साथ स्विफ्ट कार में पुगल रोड से गुजर रहा था। कार उसका साथी सुल्तान चला रहा था। इसी दौरान आगे चल रही एक कैंपर गाड़ी में सवार लोगों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग कर दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कैंपर में सवार बुधराम बिश्नोई और उसके साथ मौजूद अन्य व्यक्तियों ने दोनाली बंदूक से गोली चलाई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि गोली सीधे उनकी कार की ओर दागी गई, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। उनका दावा है कि यदि थोड़ी सी भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि क्षेत्र में दहशत फैलाने की नीयत से भी फायरिंग की।
पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौजूद है, जिसे जांच के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराया जा सकता है। हालांकि, वायरल हो रहे वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।