बीकानेर ब्रेकिंग: आपसी विवाद में युवक की हत्या, आरोपी फरार

बीकानेर | Rkhabar
शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनाथ जी घाटी के नीचे सोमवार को आपसी विवाद के दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गुलजार बस्ती निवासी 35 वर्षीय शाबिर की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि घटनास्थल के सामने रहने वाले मोहम्मद हुसैन उर्फ बाबू ने विवाद के दौरान शाबिर पर हमला कर दिया। हमले में शाबिर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपी एक-दूसरे के परिचित थे तथा दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते यह वारदात हुई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।