खाजूवाला थाने के एक चालक कांस्टेबल निलंबित, एसपी बीकानेर ने जारी किए आदेश

खाजूवाला | Rkhabar
बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने खाजूवाला पुलिस थाने में पदस्थापित चालक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में 15 जुलाई 2026 को जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, चालक कांस्टेबल के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित होने के चलते राजस्थान सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम-13 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान कांस्टेबल का मुख्यालय रिजर्व पुलिस लाइन, बीकानेर रहेगा। साथ ही निलंबन काल में उन्हें नियमानुसार आधा वेतन तथा देय भत्तों के अनुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज, बल शाखा, लेखा शाखा, वृत्ताधिकारी खाजूवाला, थानाधिकारी खाजूवाला, रिजर्व पुलिस लाइन तथा संबंधित कर्मचारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
हालांकि आदेश में यह उल्लेख नहीं किया गया है कि चालक कांस्टेबल रामकुमार के विरुद्ध किस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही मामले के कारणों और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन अंदर खाने बात चल रही है कि खाजूवाला थाना परिसर से गत दिनों पूर्व हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में खाजूवाला थाना विभिन्न कारणों से चर्चा में रहा है। ऐसे में इस निलंबन आदेश को विभागीय अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से निलंबन के पीछे के आरोपों या जांच से संबंधित कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।