नोएडा में पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, महिला समेत 2 की मौत; 50 परिवारों का किया गया रेस्क्यू

100406626

नोएडा | Rkhabar

उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में बुधवार को एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बचाव अभियान के दौरान करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग क्षेत्र में लगी और देखते ही देखते पूरे भवन में धुआं फैल गया। धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग अपने फ्लैटों में फंस गए। दमकलकर्मियों ने सामने की इमारत से सीढ़ियां लगाकर तथा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई लोगों को खिड़कियों के रास्ते भी रेस्क्यू किया गया।

घटना में 26 वर्षीय महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

सात फायर टेंडर और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से चला रेस्क्यू

गौतम बुद्ध नगर के जॉइंट कमिश्नर राजीव नारायण ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने और बचाव कार्य के लिए सात फायर टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष रेस्क्यू वाहन लगाए गए। लगातार अभियान चलाकर इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने बताया कि संबंधित इमारत G+4 (ग्राउंड प्लस चार मंजिल) संरचना की है, जिसमें लगभग 50 परिवार निवास करते हैं। प्रत्येक मंजिल पर करीब पांच परिवार रहते हैं और फ्लैट दो कमरों के बने हुए हैं।

पार्किंग से फैला धुआं बना मौत का कारण

अधिकारियों के अनुसार इमारत में बेसमेंट नहीं था। ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनी हुई थी, जहां से आग लगने के बाद घना धुआं पूरे भवन में फैल गया। इसी धुएं की चपेट में आने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर रूप से प्रभावित दो लोगों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।

इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के दौरान लगी आग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग संभवतः एक इलेक्ट्रिक वाहन (ई-व्हीकल) को चार्ज करते समय लगी। बताया जा रहा है कि चार्जिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की, जिसने पार्किंग में खड़े अन्य पेट्रोल वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और पूरे भवन में धुआं भर गया।

इमारत मालिक और लीजहोल्डर हिरासत में

घटना के बाद फेज-3 थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इमारत के मालिक और लीजहोल्डर को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों और लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दमकल विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुमंजिला इमारतों में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग केवल सुरक्षित और मानक व्यवस्था के तहत ही करें तथा अग्नि सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

You may have missed