थाने से ‘गायब’ हुई बुलेट, शिकायत के बाद लौटी…

चोरी की शिकायत पहुंची अफसरों तक, बाद में थाने की ही कहानी आई सामने; एसपी ने बैठाई विभागीय जांच
खाजूवाला | Rkhabar
आमजन यदि थाने में वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस सबसे पहले सतर्कता और सुरक्षा के लंबे-चौड़े दावे करती है, लेकिन जब पुलिस थाने से ही पुलिसकर्मी की मोटरसाइकिल गायब हो जाए तो सवाल लाजिमी हैं। खाजूवाला थाने में सामने आया ऐसा ही मामला इन दिनों पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की बुलेट मोटरसाइकिल थाने परिसर से गायब हो गई और इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंच गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शिकायत के लगभग 15-20 दिनों बाद ही बाइक रहस्यमय तरीके से वापस मिल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला किसी बाहरी चोर का नहीं, बल्कि पुलिस महकमे के भीतर की लापरवाही का बताया जा रहा है। चर्चा है कि थाने के एक चालक ने बुलेट को लावारिस समझकर उसे मॉडिफिकेशन कराने के लिए श्रीगंगानगर भिजवा दिया। यदि ऐसा है तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि थाने परिसर में खड़ी सरकारी या पुलिसकर्मी की बाइक को बिना किसी पुष्टि के बाहर कैसे भेज दिया गया? क्या वाहन का मालिक, रिकॉर्ड या अनुमति की जांच तक जरूरी नहीं समझी गई? जबकि पुलिस को इस बाइक का पता कर मालखाना में जमा कर देना चाहिए था।
घटना ने पुलिस की आंतरिक कार्यप्रणाली, वाहन प्रबंधन और थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस परिसर को कानून-व्यवस्था का सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता है, वहीं से वाहन का गायब होना और फिर शिकायत के बाद मिल जाना पूरे घटनाक्रम को संदेह के घेरे में खड़ा करता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुदुल कच्छावा ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस थाने के संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई भी प्रस्तावित है। अब जांच से ही स्पष्ट होगा कि यह महज लापरवाही थी, नियमों की अनदेखी या फिर जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीर चूक। फिलहाल यह घटनाक्रम पुलिस महकमे में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा और आमजन के बीच भी पुलिस व्यवस्था की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े कर गया।
बुलेट मिली, जांच कर रहे:-
थाने से गायब हुई बाइक सूनसान जगह एक होटल के पीछे मिल गई है। बाइक के गायब होने मिलने तक कड़ी से कड़ी जोड़ कर जांच करेंगे। दोषी कोई भी हो सख्त कार्रवाई करेंगे।
आकंक्षा चौधरी, सीओ खाजूवाला।