Rajasthan: रीट अभ्यर्थी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती, नोट्स देने के बहाने बुलाकर किया दुष्कर्म, शिक्षा मंत्री के निर्देश पर आरोपी प्रधानाचार्य निलंबित

Rajasthan: भरतपुर, रीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक युवती से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर उसे परीक्षा की तैयारी में मदद और नोट्स देने का झांसा देकर बुलाने तथा दुष्कर्म करने के आरोपी सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने संज्ञान लेते हुए निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीताराम जाट को आरोपी प्रधानाचार्य रणधीर सिंह के निलंबन के निर्देश दिए। आरोपी रणधीर सिंह डीग जिले के ब्लॉक डीग स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरौली चौथ में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत है। उसके खिलाफ भरतपुर के उद्योग नगर थाने में रीट परीक्षा की तैयारी कर रही युवती की रिपोर्ट पर दुष्कर्म समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।
उद्योग नगर थानाधिकारी पवन यादव ने बताया कि एक पीड़िता ने थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रीट परीक्षा की ऑनलाइन और ऑफलाइन तैयारी कर रही थी। करीब दो महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर रणधीर सिंह से पहचान हुई। आरोपी ने खुद को सरकारी स्कूल का प्रधानाचार्य बताते हुए परीक्षा की तैयारी में सहयोग और महत्वपूर्ण नोट्स उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
आरोप है कि 28 जून को आरोपी ने नोट्स देने के बहाने युवती को भरतपुर बुलाया। युवती अपनी सहेली के साथ नदबई से ट्रेन द्वारा भरतपुर पहुंची, जहां आरोपी उन्हें कार में बैठाकर निर्मल नगर स्थित एक मकान में ले गया। शिकायत के अनुसार वहां दोनों को नशीला पदार्थ पिलाकर बंधक बना लिया गया और पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, 29 जून की सुबह आरोपी के गहरी नींद में होने पर सहेली ने समझदारी दिखाते हुए पीड़िता के मोबाइल से परिजनों को फोन कर पूरी घटना और लोकेशन की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों युवतियों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद 30 जून को उद्योग नगर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई। पीड़िता ने मेडिकल जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और शिक्षा विभाग के अनुसार, रणधीर सिंह पहले भी विभिन्न विवादों में घिर चुका है। उसके खिलाफ छात्रा से अनुचित व्यवहार, वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी प्रवेश, शाला दर्पण रिकॉर्ड में गड़बड़ी तथा अनुशासनहीनता जैसी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिनकी विभागीय जांच भी चलती रही है। नैतिक पतन से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी जारी है।