Road Accident: शादी में जा रहे परिवार की कार हादसे का शिकार, ट्रेलर की टक्कर से दो की मौत

post 154 (1)

कोटपूतली-बहरोड़। जिले में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर मंगलवार रात करीब 10 बजे मोलाहेड़ा के निकट एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर कार के ऊपर चढ़ गया और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो गए।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि हादसा पनियाला थाना क्षेत्र में हुआ। कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वाहन में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में चालक अंकित और सीमा नामक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए कोटपूतली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अंकित और सीमा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

दुर्घटना के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

You may have missed