Road Accident: ट्रैक्टर-टेंपो की भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत; तीन गंभीर घायल

post 143 (1)

Road Accident: अलवर-भरतपुर मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नसोपुर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर और टेंपो की आमने-सामने टक्कर से हुआ।

जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुरा छोटा गांव निवासी सुनील कुमार (30) और नरेश कुमार (26) अशोक लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे। सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे वे अपनी ड्यूटी खत्म करके एक टैंपो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। टैंपो में उनके साथ तीन और युवक सवार थे। जैसे ही उनका टैंपो अलवर-भरतपुर मार्ग पर नसोपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची बड़ौदामेव थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सुनील कुमार और नरेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।

देर रात जैसे ही इस दर्दनाक हादसे की खबर जयसिंहपुरा छोटा गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। हंसते-खेलते परिवारों में बेटों की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। दो युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले और माहौल बेहद गमगीन हो गया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया और यातायात सुचारू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।