बीकानेर: करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की मौत, पुलिस जांच में जुटी

जसरासर (बीकानेर)। जसरासर थाना क्षेत्र के मैनसर गांव में सोमवार सुबह खेत पर काम करते समय करंट लगने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मैनसर निवासी 17 वर्षीय असलम पुत्र नसीरदीन सोमवार सुबह कृषि कार्य के लिए खेत पर गया था। इसी दौरान ट्यूबवेल का स्टार्टर चालू करते समय बरसाती मौसम के कारण वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे जसरासर अस्पताल लेकर पहुंचे, जंहा चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय बागड़ी जिला अस्पताल, नोखा की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता नसीरदीन की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जसरासर थाना प्रभारी आलोक सिंह को सौंपी गई है।