Crime News: नकदी से भरा बैग छीनने में नाकाम बदमाशों ने व्यापारी को मारी गोली, उपचार के दौरान मौत

post 124 (1)

Crime News: भरतपुर जिले में लूट के प्रयास के दौरान गोली लगने से घायल हुए एक व्यापारी की इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई। घटना सेवर थाना क्षेत्र के गोलपुरा मोड़ की है, जहां शनिवार रात बाइक सवार बदमाशों ने नकदी लूटने की नीयत से व्यापारी पर हमला कर दिया था। घायल व्यापारी को पहले भरतपुर और बाद में जयपुर रेफर किया गया, जहां रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

5 लाख रुपये लेकर लौट रहे थे व्यापारी:-

मूल रूप से धानोता निवासी तथा वर्तमान में भरतपुर के सुभाष नगर में रहने वाले 52 वर्षीय राजू शर्मा पुत्र तेजराम शर्मा बर्तनों का कारोबार करते थे। पुलिस के अनुसार, वह शनिवार रात मथुरा से जमीन की खरीद के लिए उधार लिए गए 5 लाख रुपये नकद लेकर बाइक से भरतपुर लौट रहे थे। रात करीब 10:15 बजे गोलपुरा मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।

विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई गोली:-

पुलिस के मुताबिक, जब राजू शर्मा ने बैग नहीं छोड़ा और बदमाशों का विरोध किया, तो धक्का-मुक्की के दौरान आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम:-

घटना की सूचना मिलने पर सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को आरबीएम अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। वहां सर्जरी के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और रविवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिवार में पसरा मातम:-

राजू शर्मा के निधन की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस:-

पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जिलेभर में नाकाबंदी के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।