Crime News: सौतेले पिता ने की 4 साल के मासूम बेटे की हत्या, शव दफनाया, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Crime News: कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र के इंद्राणा गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक कलयुगी पिता ने अपनी दूसरी पत्नी के 4 वर्षीय मासूम बेटे की हत्या कर शव को दफना दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना पर बासदयाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि इंद्राणा गांव में एक पिता द्वारा अपने चार वर्षीय बच्चे की हत्या कर शव दफनाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दफनाए गए शव को बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे की पहचान 4 वर्षीय आर्यन के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी पिता से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
बासदयाल थाना प्रभारी कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।