Road Accident: तीन ट्रकों की भीषण भिड़ंत, केबिन काटकर चालक को जिंदा बाहर निकाला

श्रीगंगानगर। जिले के नेतेवाला-कालूवाला बाइपास मार्ग पर शुक्रवार देर रात तीन ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक पलट गया, जबकि दो अन्य ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे ट्रक का चालक क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सूरतगढ़ की ओर से सीमेंट लेकर पंजाब जा रहा एक ट्रक रीको क्षेत्र की ओर से आ रहे बेकाबू ट्रक को बचाने के प्रयास में अचानक मुड़ा, जिससे ट्रक पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया और सड़क पर सीमेंट के कट्टे बिखर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और रीको पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि एक चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था और उसका एक पैर क्षतिग्रस्त केबिन में दब जाने के कारण उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। शुरुआत में जेसीबी की मदद ली गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर हाइड्रोलिक क्रेन और कटर मशीन मंगवाई गई।
नेतेवाला के ग्रामीणों ने जनरेटर की व्यवस्था की, जिससे कटर मशीन चलाकर ट्रक के केबिन को काटने का काम शुरू किया गया। चालक को केबिन काटकर सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।