बीकानेर: शादी से तीन दिन पहले बनोरे में खाना खाते दूल्हे को पुलिस ने किया गिरफ्तार; पढ़े पूरी खबर

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के तोलियासर गांव में शादी से तीन दिन पहले एनडीपीएस एक्ट के एक फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की 6 जुलाई को शादी होनी थी। हल्दी की रस्म पूरी होने के बाद वह बनोरे के भोज में शामिल था, तभी सेरूणा थाना पुलिस ने दबिश देकर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
सेरूणा थानाधिकारी संध्या बिश्नोई ने बताया कि करीब सवा वर्ष पहले श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने अंकित राजपुरोहित को अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। बाद में इस प्रकरण की जांच सेरूणा थाना पुलिस को सौंपी गई। जांच के दौरान अंकित से पूछताछ में उसके भाई आनंद राजपुरोहित का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार फरार रहा। इस बीच तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि आनंद राजपुरोहित अपनी शादी की तैयारियों के चलते गांव पहुंचा हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तोलियासर गांव में कार्रवाई करते हुए हल्दी समारोह के बाद बनोरे के भोज में मौजूद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी सेरूणा थाना पुलिस की हिरासत में है। उससे एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में पूछताछ की जा रही है। पुलिस आज आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी।