राजस्थान: ACB की बड़ी कार्रवाई, बिजली कनेक्शन के एवज में 10 हजार की रिश्वत लेते टेक्नीशियन गिरफ्तार

अजमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलिजेंस यूनिट, अजमेर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के टेक्नीशियन-प्रथम बबलेश कुमार शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पॉली हाउस के लिए बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले रिश्वत मांगने और ऑनलाइन माध्यम से राशि लेने का आरोप है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने 15 हजार रुपये की मांग की थी, जबकि सौदा 10 हजार रुपये में तय हुआ।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने अपने पिता और बड़े पिता के नाम ग्राम ढसूक स्थित कृषि भूमि पर पॉली हाउस के लिए बिजली कनेक्शन का आवेदन किया था। जब वह किशनगढ़ स्थित एवीवीएनएल कार्यालय पहुंचा तो वहां कर्मचारी गिरीराज मीणा ने कथित रूप से रिश्वत की मांग करते हुए आगे की बातचीत टेक्नीशियन बबलेश कुमार शर्मा से करने को कहा।
व्हाट्सएप कॉल कर मांगी रिश्वत:-
शिकायत के अनुसार, 25 जून को बबलेश कुमार शर्मा ने परिवादी को व्हाट्सएप कॉल कर PhonePe के जरिए 15 हजार रुपये भेजने को कहा। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि रकम मिलते ही बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
सत्यापन के बाद एसीबी की कार्रवाई:-
उपमहानिरीक्षक नारायण टोगस की निगरानी में पुलिस निरीक्षक कंचन भाटी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार आरोपी ने ऑनलाइन माध्यम से 10 हजार रुपये रिश्वत स्वीकार की, जिसके तुरंत बाद एसीबी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच:-
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य कर्मचारियों या संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आगे की कार्रवाई जारी है।
एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी सरकारी कार्यालय में वैध कार्य के बदले रिश्वत मांगी जाती है तो इसकी सूचना टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।