Rajasthan: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, प्लास्टर-टाइल्स लगाकर छिपाया राज

post 83 (1)

भरतपुर। आगरा में भरतपुर निवासी एक युवक की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और ऊपर से प्लास्टर व नई टाइल्स लगवाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। इसके बाद करीब डेढ़ महीने तक पति के लापता होने का नाटक करती रही। आखिरकार भाई के शक और पुलिस की जांच में बाथरूम की खुदाई हुई तो फर्श के नीचे से कंकाल बरामद हो गया।

जानकारी के अनुसार भरतपुर के रंजीत नगर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, दो बेटियों और मां के साथ रहते थे। वर्ष 2010 में उनकी शादी इटावा निवासी रूबी से हुई थी। 18 मई से सुरेंद्र के लापता होने की बात कही जा रही थी। बाद में 26 मई को पत्नी ने उनकी गुमशुदगी दर्ज करवाई और सभी को यही बताया कि वह कहीं चले गए हैं।

मृतक के भाई अनिल शर्मा को शुरू से ही पूरे मामले पर संदेह था। उन्होंने बताया कि 18 मई को रूबी का फोन आया था कि पुलिस घर पर दबिश दे रही है और मां व दोनों बच्चियों को वहां से ले जाने को कहा। वह उन्हें अपने घर ले आए। समय बीतने के बावजूद सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला, जिससे उनका शक और गहरा हो गया।

शुक्रवार सुबह मामले ने नया मोड़ लिया, जब रूबी ने खुद अनिल शर्मा को घर बुलाकर बताया कि उसने सुरेंद्र की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम की खुदाई करवाई। खुदाई के दौरान फर्श के नीचे से कंकाल बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाया गया। इसके बाद मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया गया और नई टाइल्स लगवाई गईं, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस के अनुसार रूबी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने घटना के बाद मिस्त्री बुलाकर बाथरूम की मरम्मत करवाई थी।

परिजनों के अनुसार सुरेंद्र कोई काम नहीं करते थे और शराब पीने की लत थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या और शव को छिपाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

You may have missed