Rajasthan: एक ही परिवार के 4 सदस्यों का ‘सामूहिक सुसाइड’! पत्नी-बेटा-बेटी का गला घोंटकर खुद फंदे पर झूला

post 21 (1)

जोधपुर। जिले के देचू थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। चारों सदस्यों के शव संदिग्ध अवस्था में एक खेत में मिले हैं। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को प्रारम्भिक रूप से सामूहिक आत्महत्या का मान रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान किसान गेनाराम (35), उनकी पत्नी पुष्पा (32), बेटी खुशबू (13) और बेटे किशन (11) के रूप में हुई है। सभी मूल रूप से पाली जिले के रोहट क्षेत्र के निवासी थे और पिछले चार वर्षों से देचू क्षेत्र स्थित एक कृषि फार्म पर परिवार सहित खेती का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे एक दिन पहले ही अपने गांव से फार्म पर लौटे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कृषि फार्म पर पत्नी और दोनों बच्चों के शव चारपाई पर मिले, जबकि गेनाराम का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस को आशंका है कि किसान ने पहले पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की और बाद में खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही देचू थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।