अवैध हथियारों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पिस्टल-कट्टा समेत 54 कारतूस बरामद

post 942 (1)

धौलपुर। सदर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने अवैध हथियारों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक एयरगन, एक पोना, 54 जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त की तैयारी में थे।

थानाधिकारी महेश मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में जिलेभर में अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और शहर वृत्ताधिकारी कृष्णराज जांगिड़ के सुपरविजन में सदर थाना पुलिस व डीएसटी टीम ने कंचनपुर रोड स्थित अरऊआ नाले के पास दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेन्द्र (46) पुत्र फूल सिंह गुर्जर निवासी कोलुआ, थाना कंचनपुर और मोहित (26) पुत्र महेंद्र सिंह ठाकुर निवासी बरखेड़ा, थाना सैपऊ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार लोकेन्द्र के कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, 15 जिंदा कारतूस (7.65 बोर), एक देशी कट्टा (315 बोर), पांच जिंदा कारतूस (315 बोर) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं मोहित के पास से एक एयरगन, एक पोना (315 बोर), 30 जिंदा कारतूस (306 बोर), चार जिंदा कारतूस (315 बोर) और तीन खाली कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में बीएनएस की धारा 112(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।