हनुमानगढ़: पाक आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क में युवक गिरफ्तार, पुलिस थानों के वीडियो भेजने का आरोप

post 941 (1)

हनुमानगढ़। पाकिस्तानी गैंगस्टर/आतंकी शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया मॉड्यूल पर हनुमानगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।एएचटीएफ, डीएसटी, साइबर सेल और टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दशहरा ग्राउंड के पास वार्ड-45 निवासी 20 वर्षीय क्रिश राय उर्फ शान पुत्र अजय राय को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी को हनुमानगढ़ टाउन और रायसिंहनगर थानों के वीडियो व लोकेशन भेजी थी।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी और व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से शहजाद भट्टी से संपर्क किया था। जांच में सामने आया कि उसने दोनों पुलिस थानों के वीडियो बनाकर भेजे और व्हाट्सएप चैट के जरिए महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।

पुलिस के अनुसार आरोपी भट्टी के हथियारों वाले पोस्ट व फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर कर भारत की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता, एकता व अखंडता को खतरे में डालने का प्रयास कर रहा था। इस मामले में पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में प्रकरण संख्या 435 दिनांक 24.06.2026 को धारा 113(3), 152 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। जांच उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।

तीन महीने में तीसरी गिरफ्तारी

पुलिस ने बताया कि शहजाद भट्टी से जुड़े सोशल मीडिया संपर्क के मामले में यह तीन महीने के भीतर तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले 24 मार्च 2026 को किशनपुरा निवासी जसवंत कुमार उर्फ सोनू और 6 अप्रैल 2026 को सुरेशिया निवासी सुनील कुमार उर्फ धोलू को भी इसी तरह के आरोपों में गिरफ्तार किया जा चुका है। सुनील के कब्जे से अवैध देशी पिस्तौल भी बरामद हुई थी।

नेटवर्क की जांच जारी

एसपी नरेंद्र सिंह मीना के अनुसार शहजाद भट्टी पाकिस्तान का रहने वाला गैंगस्टर/आतंकी है जो भारत में आतंक फैलाने के लिए सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर फॉलोवर्स बनाता है। ये फॉलोवर्स उसके लिए सेल के रूप में सक्रिय रहकर भारत में उसकी गतिविधियों में सहयोग करते हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी क्रिश मूल रूप से बिहार के दरभंगा का निवासी है, जबकि उसका परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से हनुमानगढ़ में रह रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है