Rajasthan: ACB की बड़ी कार्रवाई, नामांतरण के बदले रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

post 939 (1)

भीलवाड़ा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भीलवाड़ा जिले के करेड़ा क्षेत्र में तैनात एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी को परिवादी से एक हजार रुपये की रिश्वत की अंतिम किस्त लेते समय ट्रैप कार्रवाई में पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।

एसीबी के अनुसार चिलेश्वर निवासी भगवान बलाई ने शिकायत दी थी कि उसके पिता के निधन के बाद कृषि भूमि के नामांतरण (विरासत) की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में हल्का पटवारी लोकेश शर्मा ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा 8 हजार रुपये में तय हुआ। परिवादी ने मजबूरी में पहले 5 हजार और बाद में 2 हजार रुपये आरोपी को दे दिए थे। इसके बावजूद पटवारी शेष एक हजार रुपये के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। आरोपी पटवारी ने परिवादी को करेड़ा कस्बे के चावंडा चौक पर बुलाकर शेष राशि लाने के लिए कहा। तय योजना के अनुसार परिवादी ने एसीबी द्वारा उपलब्ध कराए गए केमिकल लगे एक हजार रुपये आरोपी को दिए। जैसे ही पटवारी ने राशि लेकर अपनी जेब में रखी, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

वैज्ञानिक जांच के दौरान आरोपी के हाथ और जेब धुलवाने पर घोल का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। एसीबी ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य ठिकानों व आवास की भी तलाशी ली जा रही है।