बीकानेर: अज्ञात वाहन की टक्कर से पलटा ट्रैक्टर, 21 वर्षीय युवक की मौत

post 938 (1)

बीकानेर। पूगल थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर पलटने के कारण 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रामसर छोटा निवासी नरपतसिंह पुत्र भानीसिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई सांगूसिंह (21) खेती-किसानी का कार्य करता था। 25 जून की शाम करीब 7 बजे वह ट्रैक्टर लेकर रामसर छोटा स्थित सोलर प्लांट से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान भैरूजी मंदिर के पास सामने से तेज गति और लापरवाही से आए एक अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सांगूसिंह उसके नीचे दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी। गंभीर हालत में उसे पीबीएम अस्पताल, बीकानेर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पूगल थाना पुलिस ने पीबीएम अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और परिजनों के बयान दर्ज किए। मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।