Crime News : घर में घुसकर बदमाशों ने दंपति को बंधक बनाकर की चोरी, घायल होने पर मरहम-पट्टी करके दवाई भी दी

भीलवाड़ा। जिले के लाडपुरा क्षेत्र के अमरतिया गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक किसान के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मकान मालिक पर लकड़ी से हमला कर उसे घायल कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान बदमाशों ने घायल को दर्द की गोली दी, पानी पिलाया और उसके सिर पर पट्टी भी बांधी।
जानकारी के अनुसार, सोपुरा मार्ग स्थित खेत पर बने शांतिलाल शर्मा के घर में देर रात बदमाश घुस आए। आवाज सुनकर शांतिलाल के जागने पर आरोपियों ने उन पर लकड़ी से हमला कर दिया और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद बदमाश मोबाइल को खेत में कुछ दूरी पर फेंककर फरार हो गए।
बदमाशों ने शांतिलाल की पत्नी के कानों के टॉप्स, गले में पहनी रामनामी और पायजेब भी उतरवा ली। इसके अलावा शांतिलाल की जेब में रखे 200 रुपये भी ले गए। परिजनों के अनुसार दो बदमाश दंपती को पकड़कर बैठाए रहे, जबकि अन्य बदमाशों ने घर के दोनों कमरों की तलाशी ली।
इस दौरान घायल शर्मा को बदमाशों ने पानी पिलाया, दर्द की दवा दी और सिर पर खून देख मरहम-पट्टी भी की। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से परिवार दहशत में है।
सूचना मिलने पर मांडलगढ़ थाना पुलिस और लाडपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि 19 जून को भी श्यामगढ़ क्षेत्र में मारपीट कर रामनामी लूटने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।