बीकानेर: अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक की मौत, एक गंभीर घायल

बीकानेर। महाजन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा महाजन-62 राजमार्ग पर अरजनसर की ओर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली बीकानेर से चूनावढ़ की ओर जा रही थी। महाजन से करीब छह किलोमीटर आगे चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में श्रीगंगानगर जिले के चक 7 जी, चूनावढ़ निवासी पेमाराम पुत्र मलकीत राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना की सूचना पर महाजन पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।