दर्दनाक हादसा: फार्म पॉन्ड में डूबने से दो सगे चचेरे भाइयों की मौत

post 926 (1)

बूंदी। जिले के नैनवां उपखंड क्षेत्र के बीजलबा गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में फार्म पॉन्ड (खेत तलाई) में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 16 वर्षीय अंकित पुत्र सूरजमल और 18 वर्षीय किरोड़ी पुत्र हेमराज के रूप में हुई है। दोनों करवर थाना क्षेत्र के फटूकड़ा गांव के निवासी थे। वे अपने रिश्तेदार शोपाल के यहां आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बीजलबा गांव आए हुए थे।

शुक्रवार शाम दोनों भाई अपने एक शोपाल के बेटे के साथ पास ही स्थित फार्म पॉन्ड में नहाने गए। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूबने लगे। साथ मौजूद बालक ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को पानी से बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस की मदद से नैनवां उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर नैनवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मामले की जांच जारी है।