राजस्थान में पाकिस्तान से आई 50 करोड़ की 10 किलो हेरोइन जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर

post 925 (1)

श्रीगंगानगर। जिला पुलिस की डीएसटी टीम और जैतसर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि जैतसर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के कब्जे से करीब 9.5 किलो हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद मुख्य आरोपी के समेजा कोठी स्थित घर पर दबिश देकर अतिरिक्त आधा किलो हेरोइन भी जब्त की गई।

पंजाब सप्लाई से पहले पुलिस ने पकड़ी खेप:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेरोइन की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमावर्ती क्षेत्र में गिराई गई थी। इसके बाद राजस्थान और पंजाब के ड्रग तस्करों के नेटवर्क ने इसे उठाकर पंजाब पहुंचाने की तैयारी कर रखी थी। यह खेप पंजाब के ड्रग माफिया के पास पहुंचाई जा रही थी, लेकिन इसकी भनक लगते ही पुलिस अलर्ट हो गई और जैतसर के पास इस खेप को बरामद कर लिया।पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।