Road Accident: पुलिया से नीचे गिरी बाइक, ससुर और दामाद की हुई मौत

post 917 (1)

Road Accident: झालावाड़, जिले के मनोहरथाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ससुर और दामाद की मौत हो गई। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी टोडरी जगन्नाथ रोड पर तलवाड़ा के पास एक पुलिया पर बाइक अनियंत्रित होकर नीचे नाले में गिर गई। हादसे के बाद दोनों के शव पूरी रात घटनास्थल पर पड़े रहे। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के मृगवास थाना क्षेत्र के फतेहपुर उमरिया का पुरा निवासी 45 वर्षीय गजराज सिंह पुत्र बापूलाल भील अपने 80 वर्षीय ससुर प्रभूलाल पुत्र घीसालाल भील के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। परिजनों ने बताया कि दोनों बड़े दामाद के यहां आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शाम करीब पांच बजे वहां से रवाना होने के बाद रात तक घर नहीं पहुंचे, जिससे परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि टोडरी जगन्नाथ-तलवाड़ा मार्ग पर पुलिया के मोड़ के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। रात होने के कारण किसी राहगीर की नजर उन पर नहीं पड़ी।

शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिया के नीचे बाइक और शव पड़े देखा जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मनोहरथाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भिजवाया। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं शव के घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक साथ पिता और पति का शव देखकर युवती बेहोश हो गई।