बीकानेर: ट्रक से बचने के प्रयास में फुटपाथ पर चढ़ी सेना की स्कॉर्पियो, बड़ा हादसा टला

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ में नेशनल हाईवे-11 पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस थाने के सामने भारतीय वायुसेना की एक सरकारी स्कॉर्पियो ट्रक से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार दोनों सैनिक सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना की स्कॉर्पियो बीकानेर से रतनगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे सर्विस रोड से एक ट्रक अचानक हाईवे पर आ गया। सामने आए ट्रक से टक्कर बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी फुटपाथ पर चढ़ गई।
हादसे में स्कॉर्पियो को नुकसान पहुंचा, लेकिन उसमें सवार दोनों जवानों को कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया। वहीं क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को भी सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।