Crime News: भूत-प्रेत और जिन्न का डर दिखाकर 32 लाख की ठगी, तांत्रिक और मौलवी गिरफ्तार

post 874 (1)

खैरथल। अंधविश्वास का भय दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला खैरथल थाना क्षेत्र में सामने आया है। आरोप है कि एक गिरोह ने परिवार को भूत-प्रेत और जिन्न का साया होने का डर दिखाकर किस्तों में करीब 32 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खैरथल निवासी कथित तांत्रिक राजेंद्र प्रसाद शर्मा और हरियाणा के नूंह जिले के आंधाकी गांव निवासी नूरदीन मौलवी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दांतला रोड निवासी पूजा शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपियों ने परिवार के एक सदस्य की कुंडली और ग्रह-नक्षत्रों का हवाला देते हुए घर पर जिन्न और भूत-प्रेत का प्रभाव होने की बात कही। साथ ही दावा किया कि विशेष तंत्र-मंत्र और अनुष्ठान नहीं करवाने पर परिवार के सदस्य की जान को खतरा हो सकता है। आरोपियों की बातों से भयभीत होकर परिवार उनके झांसे में आ गया।

आरोप है कि बाद में आरोपियों ने विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर परिवार को हरियाणा बुलाया और अलग-अलग चरणों में पूजा सामग्री व धार्मिक अनुष्ठानों का हवाला देकर करीब 32 लाख रुपये वसूल लिए। जब परिवार को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो 22 मई को खैरथल थाने में मामला दर्ज कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर खैरथल और हरियाणा में दबिश दी तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 23 जून को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस ठगी गई राशि और गिरोह के नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले में नामजद तीसरे आरोपी आबिद मौलवी की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।