श्रीगंगानगर: महिला से जेवरों से भरी थैली लूट का खुलासा, सहेली और उसके पति ने रची थी साजिश; पढ़े खबर

श्रीगंगानगर। पुरानी आबादी थाना पुलिस ने महिला से सोने के आभूषण और जरूरी दस्तावेजों से भरी थैली छीनकर फरार होने की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात की साजिश पीड़िता की सहेली और उसके पति ने मिलकर रची थी। फिलहाल सहेली फरार है, जबकि उसके पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि 15 जून को पुरानी आबादी निवासी छिन्दो पत्नी कालूराम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह गोल्ड लोन के लिए रवि चौक स्थित बैंक गई थी, लेकिन लोन प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर वापस लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसकी सहेली के हाथ में मौजूद थैली छीनकर फरार हो गए। थैली में सोने के मंगलसूत्र, कंठी, झुमके, चेकबुक, मोबाइल फोन, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज थे।
घटना के बाद महिला और उसकी सहेली ने शोर मचाकर आरोपियों का पीछा किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। मामला दर्ज होने के बाद पुरानी आबादी थाना प्रभारी सीआई रमेश कुमार न्यौल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच में सामने आया कि इस वारदात में पीड़िता की सहेली सुमन और उसका पति रिंकू शामिल थे। पुलिस ने रिंकू और उसके साथी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सहेली सुमन फरार है।
थाना प्रभारी रमेश कुमार न्यौल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि सुमन को पहले से पता था कि छिन्दो सोने के जेवर लेकर बैंक गई है। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने पति रिंकू के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। योजना के तहत सुमन ने रास्ते में थैली अपने हाथ में ली और इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने उसे छीनकर फरार हो गए।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से छीने गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही फरार आरोपी सुमन की तलाश जारी है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक दरिया सिंह सहित पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।