Rajasthan: श्रद्धालुओं से भरी कार पलटी, एक की मौत, दो अन्य घायल

post 827 (1)

पोकरण (जैसलमेर)। रामदेवरा-फलोदी मार्ग पर टोल नाके के पास श्रद्धालुओं से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक श्रद्धालु की उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी श्रद्धालु जोधपुर जिले के मथानिया गांव के निवासी थे और बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए रामदेवरा जा रहे थे। इसी दौरान रामदेवरा-फलोदी मार्ग पर टोल नाके के निकट वाहन अचानक बेकाबू होकर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को पोकरण जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में शामिल जेठाराम की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।

उल्लेखनीय है कि लोकदेवता बाबा रामदेवजी का वार्षिक मेला शुरू होने में अभी करीब दो माह का समय है, लेकिन श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले से ही बढ़ने लगी है। इसके साथ ही रामदेवरा मार्ग पर सड़क हादसों की घटनाओं में भी इजाफा देखा जा रहा है। कुछ दिन पहले भी पोकरण-जोधपुर मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें आठ लोग घायल हो गए थे।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने रामदेवरा क्षेत्र में प्रवेश मार्गों पर बैरिकेड्स और स्पीड ब्रेकर लगाए हैं। अधिकारियों के अनुसार, लंबी दूरी की यात्रा, तेज रफ्तार, चालक की थकान और ओवरलोडिंग जैसी वजहें हादसों का प्रमुख कारण बन रही हैं।